
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मंशा के अनुरूप आने वाले साल की 26 जनवरी तक नक्सलियों के समूचे सफाए के लक्ष्य की दिशा में छत्तीसगढ़ में बहुत बड़ी सफलता मिली है. छत्तीसगढ़-तेलंगाना सीमा पर नक्सलियों के खिलाफ कर्रेगुट्टा के पहाड़ियों पर आज (सात मई, 2025) सोलहवें दिन जारी ऑपरेशन पर सुरक्षा बलों को उत्साहजनक कामयाबी मिली है।
पुलिस ने अब तक 22 नक्सलियों के शव बरामद किये है। इस अभियान को ऑपरेशन कगार नाम दिया गया है.
बीजापुर जिले के तेलंगाना सीमा पर पिछले सोलह दिनों नक्सली अभियान जारी है। इस अभियान के तहत बुधवार सुबह से पुलिस और नक्सलियों के बीच भारी गोलाबारी हो रही है। इस ऑॅपरेशन का नेतृत्व छत्तीसगढ़ के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक नक्सली ऑॅपरेशन विवेकानंद सिन्हा, केन्द्रीय सुरक्षा बल के पुलिस महानिरीक्षक राकेश अग्रवाल व बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक पी सुंदर राज कर रहे हैं।
केन्द्रीय सुरक्षा बल, कोबरा बटालियन, स्पेशल टास्क फोर्स तथा जिला रिजर्व पुलिस बल के बहादुर जवान लगातार नक्सलियों को मात दे रहे हैं।
छत्तीसगढ़ के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक विवेकानंद सिन्हा ने बताया कि अब तक पुलिस ने 18 नक्सलियों के शव बरामद किए है। गोली बारी जारी है।
इधर बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक पी सुंदरराज ने जारी बयान में कहा है कि आज ऑपरेशन संकल्प के अच्छे परिणाम की अपेक्षा है। सभी सुरक्षाबल सुरक्षित हैं और बस्तर क्षेत्र को सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण बनाए रखने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध हैं। चूंकि ऑपरेशन प्रगति पर है सुरक्षा कारणों से इस समय संपूर्ण जानकारी साझा नहीं की जा सकती। उपयुक्त समय पर अधिकृत पदाधिकारी आवश्यक जानकारी साझा करेंगे।
साय बोले- जवानों को शत-शत नमन इस अभियान को मिली सफलता के बाद छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोशल मीडिया पर लिखा, ‘
खत्म होगा नक्सलवाद, खुशहाल होगा छत्तीसगढ़।’
साय ने लिखा, ‘बीजापुर जिले के कर्रेगुटा पहाड़ी में चल रहे नक्सल विरोधी अभियान में हमारे सुरक्षाबलों ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। मुठभेड़ में अब तक 22 से अधिक नक्सलियों के मारे जाने की खबर है। लाल आतंक के विरुद्ध चल रही निर्णायक लड़ाई में हमारे वीर जवानों के अदम्य साहस, पराक्रम और बलिदान को शत-शत नमन करता हूं।’
उन्होंने आगे लिखा, ‘शस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी एवं केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह जी ने संकल्प लिया है कि 31 मार्च 2026 तक देश को नक्सलवाद से मुक्त करना है और हम इस लक्ष्य की ओर तेज़ी से अग्रसर हैं।’
(लोकदेश डेस्क/एजेंसी। बीजापुर/रायपुर)