
राजधानी भोपाल से लगे विदिशा जिले में एक बड़ा सड़क हादसा हुआ है. यहां शादी समारोह से लौट रहे लोगों का वाहन पलट जाने से उसमें सवार चार लोगों की मौत हो गयी. सभी मरने वाले एक ही परिवार के लोग बताए गए हैं
विदिशा जिले से एक विवाह समारोह में शामिल होकर इंदौर के महू लौट रहे लोगों का वाहन हादसे का शिकार हुआ
विदिशा जिले के सिरोंज तहसील में हुए इस हादसे के शिकार सभी लोग एक ही परिवार के हैं। सभी लोग इंदौर के महू स्थित अमलापुरा मानपुर लौट रहे थे। इस दौरान पिकअप वाहन अनियंत्रित होने से कल देर रात लटेरी तहसील की आरी घाटी पर पलट गया। हादसे में 12 लोग घायल हैं।
लटेरी थाना प्रभारी जयकुमार के अनुसार सूचना मिलने पर घायलों को लटेरी के शासकीय अस्पताल में भर्ती कराया गया , जहां डॉक्टरों ने तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया।
देर रात में ही एक गंभीर घायल को विदिशा मेडिकल कॉलेज रेफर किया जहां उसकी मृत्यु हो गई।
एक गंभीर घायल को भोपाल रेफर किया है।
मृतकों का विदिशा मेडिकल कॉलेज में पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।
मुख्यमंत्री देंगे दो-दो लाख की राहत राशि
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने हादसे पर शोक संवेदनाएं प्रकट करते हुए मृतकों के परिजन के लिए राहत राशि की घोषणा की है। डॉ यादव ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, ‘विदिशा जिले के लटेरी तहसील क्षेत्र में इंदौर से सिरोंज जा रही बस दुर्घटनाग्रस्त होने से चार लोगों की आकस्मिक मृत्यु का समाचार अत्यंत ही दुखद है। दु:ख की इस घड़ी में सभी शोकाकुल परिजनों के साथ मेरी शोक संवेदनाएं हैं। जिला प्रशासन की मदद से दुर्घटना में हुए घायलों को जिला चिकित्सालय में उपचार हेतु समुचित व्यवस्था की गई है। मृतकों के परिजनों को मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान मद से दो-दो लाख रुपए एवं गंभीर रूप से घायलों को 50-50 हजार रुपए की आर्थिक सहायता राशि प्रदान करने के निर्देश दिए हैं।’
(लोकदेश डेस्क/एजेंसी। विदिशा/भोपाल )