भोपाल। मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुना जिले के एसपी संजीव कुमार सिन्हा को हटा दिया है. दो दिन पहले हुए इस फैसले को लेकर कांग्रेस के बड़े नेता दिग्विजय सिंह ने सवाल उठाए हैं.
गुना मध्यप्रदेश में दो बार मुख्यमंत्री रह चुके दिग्विजय सिंह का गृह जिला है. मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री रहते हुए दिग्विजय सिंह गुना जिले की राघोगढ़ सीट से साल 1998 और 2003 में विधायक रह चुके हैं. अब इस सीट से दिग्विजय सिंह के बेटे जयवर्द्धन सिंह विधायक हैं. जयवर्द्धन राघोगढ़ से वर्ष 2013, 2018 और 2023 में लगातार तीन बार विधानसभा का चुनाव जीत चुके हैं.
दिग्विजय के छोटे भाई लक्ष्मण सिंह राघोगढ़ से साल 1990 और 1993 में कांग्रेस के टिकट पर चुनाव जीत चुके हैं.
दिग्विजय 1977 और 1980 में भी इस सीट से चुनाव जीते थे. इसके बाद से अब तक भाजपा को सफलता नहीं मिल सकी है.
अब दिग्विजय ने गुना जिला पुलिस अधीक्षक (एसपी) संजीव कुमार सिन्हा के तबादले पर सवाल उठाए हैं।
सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि क्या राज्य में शासन चलाने का यही तरीका है। जो पुलिस अधिकारी कानून का पालन करे, संविधान का पालन करे, उसे प्रताड़ित किया जाए। और जो कानून का पालन नहीं करते हुए अपराधियों का संरक्षण करे, उसे सम्मानित किया जाए। उन्होंने कहा कि यह व्यवहार उचित नहीं है।
राज्य सरकार ने दो दिन पहले सिन्हा का तबादला पुलिस मुख्यालय भोपाल में कर दिया है। उनके स्थान पर अंकित सोनी को एसपी बनाया गया है, जो इंदौर में पुलिस उपायुक्त के पद पर पदस्थ थे।
गुना में हाल ही हनुमान जयंती के दौरान दो पक्षों के बीच हिंसक घटनाएं हुयी थीं। इस मामले में कुछ संगठनों के कार्यकर्ताओं के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी हैं। सिन्हा के तबादले काे इसी घटनाक्रम से जोड़कर देखा जा रहा है।