Saturday, May 31, 2025
Google search engineGoogle search engine
Homeदेशबड़ी सफलता: नारायणपुर में दो दर्जन से  अधिक नक्सली ढेर, अभी चल...

बड़ी सफलता: नारायणपुर में दो दर्जन से  अधिक नक्सली ढेर, अभी चल रहा है अभियान 

छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित इलाके  नारायणपुर से बड़ी खबर है. वहां सुरक्षाबलों के जोरदार अभियान में अब तक कम से कम 26 नक्सलियों को मौत के घाट उतार दिया गया है. सुरक्षाबलों का यह अभियान जारी है. इसलिए मारे गए नक्सलियों की संख्या और बढ़ सकती है. 

एक संवाद एजेंसी के अनुसार उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने इसकी पुष्टि की है. 

यह मुठभेड़ नारायणपुर-बीजापुर के सीमावर्ती इलाकों में चल रही है. 

हालाँकि इस अभियान में पुलिस के एक सहयोगी के शहीद होने की खबर है और सुरक्षाबल का एक जवान घायल भी हुआ है. 

एक समाचार एजेंसी ने मुठभेड़ पर नजर   रख रहे अधिकारियों के हवाले से बताया कि वहाँ अब तक 26 नक्सलियों को ढेर किया जा चुका है. 

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले के अबूझमाड़ क्षेत्र में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हो रही है। 

नारायणपुर जिले के पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने बताया कि जिले के अबूझमाड़ क्षेत्र के माड़ डिवीजन में नक्सलियों की उपस्थिति की सूचना पर जिला रिजर्व गार्ड) नारायणपुर, डीआरजी दंतेवाड़ा, डीआरजी बीजापुर और डीआरजी कोंडागांव के संयुक्त दल को नक्सल विरोधी अभियान के लिए रवाना किया गया था।

राज्य के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा के पास गृह विभाग भी है। उन्होंने बताया, ”आज बहुत बड़ी सफलता जवानों को मिली है। 26 से अधिक नक्सली मारे गए हैं। इसमें बड़े नक्सली कैडर के मारे जाने की भी संभावना है।” 

उन्होंने कहा कि यह इलाका नारायणपुर—सुकमा—बीजापुर जिले का सीमावर्ती क्षेत्र है तथा अबूझमाड़ और इंद्रावती नदी के मध्य स्थित है। 

 शर्मा ने बताया कि डीआरजी जवानों और नक्सलियों की मुठभेड़ में एक जवान घायल हुआ है।  

उपमुख्यमंत्री ने इसे सुरक्षाबलों की बड़ी सफलता करार देते हुए बताया कि क्षेत्र में खोजी अभियान जारी है। जल्द ही इस संबंध में अधिक जानकारी दी जाएगी।  

नक्सलियों से बातचीत के बारे में पूछे जाने पर शर्मा ने कहा, ”केंद्र और राज्य की सरकार एक भी गोली नहीं चलाना चाहती है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दो बार बस्तर के प्रवास पर कहा कि ‘मैं निवेदन करता हूं कि नक्सली मुख्यधारा में जुड़े।’ मुख्यमंत्री ने भी यही कहा है। मेरा कहना है कि उचित लोग बातचीत करें, चर्चा करें। हथियार से समस्या का हल नहीं होता है, नक्सलियों को मुख्यधारा से जुड़ना चाहिए।”

(लोकदेश डेस्क/एजेंसी। रायपुर)