Thursday, May 15, 2025
Google search engineGoogle search engine
Homeविदेशरूस बात तो करेगा, लेकिन यूक्रेन की शर्तों को लेकर पुतिन का...

रूस बात तो करेगा, लेकिन यूक्रेन की शर्तों को लेकर पुतिन का कड़ा रुख कायम

रूस और यूक्रेन के बीच लगातार खिंच रहे युद्ध को लेकर बर्फ पिघलती तो दिख रही है, लेकिन रूस के सदर व्लादिमीर पुतिन ने यूक्रेन को एक साफ़ संदेश भी दे दिया है. वो ये कि पुतिन यूक्रेन के अपने समकक्ष वोलोडीमयर जेलिंस्की से शांति पर बातचीत के लिए तो तैयार हैं, लेकिन इसमें उन पर कोई शर्त न थोपी जाए. 

पुतिन ने रविवार सुबह क्रेमलिन (रूसी राष्ट्रपति के आधिकारिक आवास) में पत्रकारों से बातचीत के दौरान 2022 में रूस और यूक्रेन के बीच हुई शांति वार्ता को ‘‘पुनः आरंभ’’ करने का प्रस्ताव रखा।

पुतिन ने यह प्रस्ताव ऐसे समय में रखा है जब चार प्रमुख यूरोपीय देशों के नेता रूस पर 30 दिन के युद्ध-विराम पर सहमत होने का दबाव बना रहे हैं, ताकि संघर्ष को समाप्त करने के लिए शांति वार्ता हो सके।

फ्रांस, ब्रिटेन, जर्मनी और पोलैंड के नेताओं ने कहा कि सोमवार से युद्ध विराम शुरू करने के उनके प्रस्ताव को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का समर्थन प्राप्त है। उन्होंने ट्रंप को फोन करके इस संबंध में जानकारी दी थी।  

पुतिन ने शनिवार को अपने वक्तव्य में इस नए युद्धविराम प्रस्ताव पर सीधे तौर पर कोई टिप्पणी नहीं की, जबकि क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेसकोव ने शनिवार को ‘सीएनएन’ से कहा था कि मॉस्को इस पर विचार करेगा।  

नाजी जर्मनी पर विजय की 80वीं वर्षगांठ के अवसर पर घोषित रूस के एकतरफा तीन दिवसीय युद्धविराम की अवधि शनिवार को समाप्त हो गई और यूक्रेन का कहना है कि रूसी सेना ने इस युद्धविराम का कई बार उल्लंघन किया।  

अमेरिका ने मार्च में तत्काल एवं सीमित 30 दिवसीय युद्धविराम का एक प्रस्ताव रखा था जिसे यूक्रेन ने स्वीकार कर लिया था लेकिन क्रेमलिन ने अपनी पसंद के अनुसार युद्धविराम की शर्तों पर अधिक जोर दिया।  

यूक्रेन के विदेश मंत्री आंद्रेई सिबिहा ने शनिवार को कहा था कि यूक्रेन और उसके सहयोगी सोमवार से कम से कम 30 दिन के लिए रूस के साथ “पूर्ण, बिना शर्त युद्धविराम” के लिए तैयार हैं।

 (लोकदेश डेस्क/एजेंसी। मास्को)