Monday, January 19, 2026
Google search engineGoogle search engine
Homeविदेशमुंह की खाने के बाद भी मुंह  खोलने से बाज नहीं आ...

मुंह की खाने के बाद भी मुंह  खोलने से बाज नहीं आ रहे ट्रंप; ‘सिन्दूर’ के लिए फिर बड़बोलापन 

पाकिस्तान के खिलाफ भारत की सफल सैन्य कार्यवाही ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को रोकने का श्रेय लेने के चक्कर में मुंह की खाने के बाद भी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अपने मुंह को बंद नहीं रख पा रहे हैं. अब इस सीजफायर को लेकर उन्होंने फिर बड़बोलापन दिखाया है. 

ट्रंप ने कहा है कि भारत और पाकिस्तान से बातचीत करना और उन्हें (पूर्ण युद्ध) के कगार से वापस लाना उनकी इतनी ‘‘बड़ी सफलता’’ है कि उसका उचित श्रेय उन्हें कभी नहीं मिल सकेगा।

उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच “बहुत नफरत” है और तनाव उस स्तर पर पहुंच गया था जहां अगला चरण संभवतः ‘‘परमाणु’’ (इस्तेमाल) था।  ट्रंप ने शुक्रवार को ‘फॉक्स न्यूज’ से एक साक्षात्कार में कहा, “यह मेरी इतनी बड़ी सफलता है कि इसका उचित श्रेय मुझे कभी नहीं मिलेगा। वे बड़ी परमाणु शक्तियां हैं। उनमें जरा भी समानता नहीं है। वे आक्रोशित थे।”  साक्षात्कार के दौरान ट्रंप से पश्चिम एशिया की उनकी यात्रा से पहले की ‘विदेश नीति की कुछ सफलताओं’ का जिक्र करते हुए पूछा गया कि क्या उन्होंने भारत और पाकिस्तान को फोन किया था। ट्रंप ने जवाब दिया, ‘हां, मैंने किया था।” 

साक्षात्कार लेने वाले ने कहा कि यह एक सफलता है।  

ट्रंप ने कहा, “क्या आपने देखा कि यह (संघर्ष) किस दिशा में जा रहा था? यह जैसे को तैसा की तरह था। यह गहराता जा रहा था। मेरा मतलब है कि मिसाइलों का इस्तेमाल बढ़ता जा रहा था। दोनों मजबूत हैं। लिहाजा अगले जिस चरण पर यह पहुंचने वाला था, आप जानते हैं कि वह क्या है? ‘एन’।” 

साक्षात्कार लेने वाले ने पूछा कि क्या ‘एन’ शब्द का मतलब ‘न्यूक्लियर’ (परमाणु) है?  ट्रंप ने कहा, “यह ‘एन’ शब्द है। यह बहुत बुरा शब्द है, है न? कई मायनों में। परमाणु अर्थ में इस्तेमाल किया जाने वाला एन शब्द, सबसे बुरी चीज हो सकती है। मुझे लगता है कि वे बहुत करीब थे। नफरत बहुत ज़्यादा थी। मैंने कहा, ‘हम व्यापार के बारे में बात करेंगे। हम बहुत सारा व्यापार करने जा रहे हैं’।”  

ट्रंप ने कहा, ‘मैं व्यापार का उपयोग हिसाब बराबर करने और शांति स्थापित करने के लिए कर रहा हूं।’  ट्रंप ने कहा, ‘भारत… दुनिया में सबसे ज्यादा शुल्क लगाने वाले देशों में से एक हैं, वे व्यापार को लगभग असंभव बना देते हैं। क्या आपको मालूम है कि वे अमेरिका के लिए अपने शुल्क में 100 प्रतिशत कटौती करने को तैयार हैं?’  

इस मुद्दे पर भारत की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।  

जब ट्रंप से पूछा गया कि क्या भारत के साथ सौदा जल्द ही होने वाला है, तो उन्होंने कहा, ‘हां, यह जल्द ही होगा। मुझे कोई जल्दी नहीं है। देखिए, हर कोई हमारे साथ सौदा करना चाहता है।’

(लोकदेश डेस्क/एजेंसी। न्यूयॉर्क)