
सीधी, लोकदेश रिपोर्ट
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने उपाध्यक्ष की प्राथमिक सदस्यता को समाप्त करते हुए उसे पार्टी से निष्काषित कर दिया
सीधी जिले में भाजपा के जिला उपाध्यक्ष पर एक युवती से अभद्र व्यवहार का आरोप लगा है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वहीं बताया जा रहा है कि जिला अध्यक्ष ने संबंधित उपाध्यक्ष पर कार्रवाई के लिए प्रदेश संगठन को लिख दिया। उसके बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने संबंधित उपाध्यक्ष की प्राथमिक सदस्यता को समाप्त करते हुए उसे पार्टी से निष्काषित कर दिया।
सोशल मीडिया के माध्यम से सामने आया कि बीते 17 अप्रैल को सीधी के भाजपा जिला उपाध्यक्ष ने एक मध्यमवर्गीय परिवार की युवती के साथ छेड़छाड़ की थी। पीड़ित युवती सख्ती से प्रतिकार नहीं कर पाई, लेकिन इस बारे में सोशल मीडिया पर हल्ला मचने के बाद जिला उपाध्यक्ष की मुश्किलें बढ़ने लगीं।
प्रदेश अध्यक्ष ने पार्टी से निकाला
मामला तूल पकड़ने लगा था, इसलिए आंच अपने पास तक आने से पहले ही संगठन के जिला अध्यक्ष देव कुमार सिंह ने प्रदेश संगठन को मामले की जानकारी देते हुए कार्रवाई के लिए पत्र लिख दिया। जिला अध्यक्ष की अनुशंसा पर प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने जिला उपाध्यक्ष की तत्काल प्रभाव से प्राथमिक सदस्यता समाप्त कर दी। उन्हें पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा दिया।
पीड़िता बदनामी के डर से शांत
इस मामले की अब तक एफआइआर नहीं हुई है। बताया जाता है कि पीड़िता युवती अभी अविवाहित है, इसलिए उसने लोकलाज के भय और कथित दवाब के चलते एफआइआर दर्ज नहीं कराई। थाना प्रभारी पुष्पेंद्र मिश्रा का कहना है कि इस मामले की जानकारी तो है, लेकिन किसी की ओर से एफआइआर नहीं दर्ज कराई गई है, इसलिए पुलिस की ओर से कार्रवाई नहीं हो पाई है।