
इंदौर। मध्यप्रदेश में पराली जलाने के मामलों में लगातार वृद्धि हो रही है। हालात ये हो गए हैं कि राज्य अब पंजाब और हरियाणा को पीछे छोड़ चुका है। इस बढ़ते हुए प्रदूषण को देखते हुए इंदौर जिला प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। किसानों पर तगड़ा जुर्माना लगाने के साथ खेत मालिकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करना शुरू कर दिया है। बुधवार को पराली जलाने के मामले में हातोद, जूनी इंदौर और बिचोली हप्सी क्षेत्रों के 3 किसानों पर एफआईआर दर्ज की गई है।
दरअसल, जिला प्रशासन की तरफ से चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत अब तक 770 किसानों के खिलाफ कार्रवाई की जा चुकी है। जिनसे 16 लाख 72 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया है। केवल बुधवार को ही 102 किसानों पर तीन लाख नौ हजार 500 रुपये का दंड लगाया गया। कलेक्टर आशीष सिंह ने बताया कि किसानों को लगातार समझाइश दी जा रही है कि वे खेतों में फसल अवशेष न जलाएं। इससे वातावरण को गंभीर नुकसान होता है।