लक्जरी वाहन इकाई जगुआर लैंड रोवर (जेएलआर) ने पीबी बालाजी को कंपनी का नया मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) नियुक्त किया है। वह इस पद को संभालने वाले पहले भारतीय होंगे।
बालाजी फिलहाल टाटा समूह के समूह मुख्य वित्त अधिकारी हैं। वह नवंबर, 2025 से टाटा समूह की कंपनी जेएलआर के सीईओ का कार्यभार संभालेंगे।
बालाजी इस भूमिका में एड्रियन मार्डेल का स्थान लेंगे जिन्होंने कंपनी में 35 वर्षों की सेवा के बाद सेवानिवृत्ति की इच्छा जताई है।
जेएलआर के निदेशक मंडल की सोमवार को हुई बैठक में इस नियुक्ति को मंजूरी दी गई। टाटा संस के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन ने बालाजी को जेएलआर के सीईओ की जिम्मेदारी सौंपे जाने पर खुशी जताई। इसके साथ ही उन्होंने मार्डेल का आभार भी जताया।
बालाजी के पास वाहन और उपभोक्ता उत्पाद क्षेत्रों में 32 वर्षों का वैश्विक अनुभव है।
बालाजी ने भारतीय प्रबंधन संस्थान, कलकत्ता से प्रबंधन में स्नातकोत्तर उपाधि प्राप्त की है और भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान, मद्रास के पूर्व छात्र हैं।
उन्हें वित्तीय अनुशासन और रणनीतिक दृष्टि के बीच संतुलन बनाने की उनकी क्षमता के लिए व्यापक रूप से जाना जाता है। उन्होंने 1995 में यूनिलीवर के साथ करियर शुरू किया और भारत, सिंगापुर, यूनाइटेड किंगडम (यूके) और स्विट्जरलैंड में कॉर्पोरेट वित्त और सप्लाई चेन में वरिष्ठ पदों पर रहे।
(डेस्क/एजेंसी। नई दिल्ली)


