Saturday, January 17, 2026
Google search engineGoogle search engine
Homeराज्यसंविदा स्वास्थ्य कर्मचारियों ने विधायक के सामने लगाई लोट

संविदा स्वास्थ्य कर्मचारियों ने विधायक के सामने लगाई लोट

मंदसौर। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के संविदा कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल चौथे दिन शुक्रवार को भी जारी रही। कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर विधायक विपिन जैन के घर के सामने लोट लगाकर ज्ञापन सौंपा।

हड़ताल में प्रदेश भर के करीब 32,000 कर्मचारी शामिल हैं। विधायक विपिन जैन ने कर्मचारियों को आश्वासन दिया कि वे मुख्यमंत्री को पत्र लिखेंगे और कैबिनेट बैठक में इस मुद्दे को उठाएंगे। कर्मचारियों का कहना है कि वे पिछले 20 सालों से स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कर रहे हैं और उनकी मेहनत के बावजूद सरकार उनकी मांगों की अनदेखी कर रही है।

मंदसौर जिले में 70 संविदा कर्मचारी कार्यरत हैं, जिन्होंने टीबी मुक्त अभियान में प्रदेश को शीर्ष स्थान दिलाया। इसके अलावा, आयुष्मान कार्ड बनाने में भी इन्होंने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया और कोरोना काल में भी निरंतर सेवाएं दीं। कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में विभाग में रिक्त पदों पर नियमितीकरण, ईएल और मेडिकल सुविधाओं की बहाली, अनुबंध प्रथा का समाप्त करना, सेवानिवृत्ति आयु 65 वर्ष करना, एनपीएस, ग्रेच्युटी और स्वास्थ्य बीमा की सुविधा और वेतन विसंगति का समाधान शामिल हैं।

कर्मचारियों का आरोप है कि 4 जुलाई 2023 को पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भोपाल में महापंचायत में कई घोषणाएं की थीं, लेकिन 23 जुलाई को सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी की गई नई नीति में कर्मचारियों की सुविधाओं में कटौती कर दी गई है। कर्मचारियों ने अपने सेवाकाल में बेहतर प्रदर्शन किया है और अब उनकी मांगें पूरी करने की अपील की है।