Tuesday, April 29, 2025
Google search engineGoogle search engine

नदियां, सरोवर और अन्य जल स्त्रोत हमारे जीवन के आधार-सांसद हिमाद्री सिंह

अनूपपुर। किसी भी प्राणी का जीवन प्रकृति, जल एवं वायु के बिना संभव नहीं है। यह सभी, सभी के जीवन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, इनके बिना जीवन की कल्पना भी नहीं की जा सकती है। नदियां, सरोवर और अन्य जल स्त्रोत हमारे जीवन के आधार हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान पर प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा प्रदेश में जल गंगा संवर्धन अभियान चलाया जा रहा है। यह अभियान प्रदेश एवं जिले भर में एक व्यापक जन-आंदोलन बन चुका है।

यह बात सोमवार को सांसद हिमाद्री सिंह अनूपपुर जिले के जनपद पंचायत पुष्पराजगढ़ में आयोजित जल गंगा संवर्धन अभियान एवं वाटरशेड यात्रा महोत्सव कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहीं। उन्होंने कहा कि शासन ‘‘खेत का पानी खेत में-गांव का पानी गांव में’’ के सिद्धांत पर जल संरक्षण की दिशा में अभियान चला रही है। ‘‘जल गंगा संवर्धन अभियान’’ में जल संरक्षण को प्रोत्साहित करने के लिए वर्षा जल संचयन, जल स्त्रोतों का पुनर्जीवन और जल संरक्षण तकनीकों को अपनाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

सांसद ने कहा कि ‘‘जल गंगा संवर्धन अभियान’’ प्रदेश में जल की प्रचुर उपलब्धता और भावी पीढ़ियों के लिए जल सुरक्षा करने में मील का पत्थर साबित होगी। उन्होंने कहा कि हम सभी के प्रयास से प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का 2047 तक विकसित भारत बनाने का संकल्प पूरा हो सकेगा, हम सभी इस उद्देश्य की पूर्ति हेतु अपना योगदान निभाएं।

कार्यक्रम को जनपद पंचायत पुष्पराजगढ़ की अध्यक्ष मिथिलेश सिंह मरावी, जिला पंचायत के सदस्य नर्मदा सिंह, पूर्व अध्यक्ष हीरा सिंह श्याम सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी संबोधित किया।

खेत तालाब योजना से लाभांवित हितग्राहियों ने बताया अपना अनुभव

जनपद पंचायत पुष्पराजगढ़ अंतर्गत विभिन्न ग्रामों के खेत तालाब योजना से लाभान्वित हितग्राहियों प्रमिला सिंह, भंवर सिंह, नर्मदा सिंह, देवकी प्रधान सहित अन्य विभिन्न हितग्राहियों ने खेत तालाब योजना के माध्यम से मत्स्य पालन, सिंचाई सहित अन्य विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार पूर्वक जानकारी दी तथा लोगों से इस योजना का लाभ लेने हेतु अपील भी की।

वाटरशेड योद्धा सम्मानित

कार्यक्रम में वाटरशेड योद्धाओं को प्रतियोगिता के माध्यम से शासन के नल जल योजना, जल दिवस, जल गंगा संवर्धन अभियान सहित अन्य विभिन्न विषयों पर किए गए प्रश्नों के सही जवाब देने वाले कृषक हैता सिंह, महेश प्रसाद चंदेल, लल्ला सिंह, रामेश्वरी देवड़ा एवं पूजा सिंह को प्रशस्ति पत्र, शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया।

जल संरक्षण एवं संवर्धन की दिलाई शपथ

सांसद हिमाद्री सिंह ने कृषकों को जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत जल के संरक्षण एवं संवर्धन हेतु शपथ दिलाई तथा जल के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी।